प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य अब दिन-प्रतिदिन बेहतर हो रहा है। वे धीरे-धीरे भक्तों को दर्शन देने लगे हैं। कुछ समय से उनकी लंबी पदयात्रा रोक दी गई थी, क्योंकि स्वास्थ्य ठीक नहीं था। इससे भक्त काफी मायूस थे, लेकिन अब उनकी दिनचर्या में धीरे-धीरे बदलाव आया है और पिछले तीन-चार दिनों से भक्तों को उनकी झलक मिल रही है।
प्रेमानंद महाराज पदयात्रा के लिए निकल रहे हैं, लेकिन अब यह काफी छोटी हो गई है। पहले उनकी पदयात्रा लगभग 2 किलोमीटर लंबी होती थी, अब यह केवल 100 मीटर तक सीमित रह गई है। 12 अक्टूबर को उन्होंने मिनी पदयात्रा की और अपने आश्रम से बाहर आकर परिक्रमा मार्ग तक भक्तों को दर्शन दिए।
13 अक्टूबर को रात लगभग 3 बजे प्रेमानंद महाराज अपने आश्रम से बाहर आए। सड़कों पर हजारों भक्त खड़े थे और उन्हें दर्शन का अवसर मिला। महाराज परिक्रमा मार्ग तक पहुंचे, जहां भक्तों ने एक तरफ होकर उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रेमानंद महाराज ने अपनी छोटी पदयात्रा शुरू की। इस दौरान दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी थीं।
श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे
पदयात्रा का वीडियो सामने आया, जिसमें सभी श्रद्धालु राधा के जयकारे लगा रहे थे। कई दिनों तक स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण दर्शन संभव नहीं हो पाए थे। अब उनकी झलक से भक्तों के चेहरे खिल उठे और सभी खुश नजर आए।
भक्तों ने ली राहत की सांस
प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य और छोटी पदयात्रा के दर्शन के बाद भक्तों ने राहत की सांस ली। उन्होंने कहा कि श्री जी की कृपा उन पर है और वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होंगे। भक्तों की उम्मीद है कि प्रेमानंद महाराज फिर से अपनी पुरानी लंबी पदयात्रा में दर्शन देंगे।