Bareilly violence: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शुक्रवार को नमाज के बाद हुई हिंसा के बाद लागू की गई इंटरनेट और SMS सेवाओं की पाबंदी को एक दिन और बढ़ा दिया गया है। पहले यह पाबंदी 28 और 29 सितंबर तक थी, अब 30 सितंबर तक लागू रहेगी। इस दौरान जिले में इंटरनेट और SMS सेवाएं बंद रहेंगी।
बरेली में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की और घटना का दूसरा मास्टरमाइंड नदीम को गिरफ्तार कर लिया। हिंसा के बाद से ही नदीम फरार था। सोमवार सुबह उसे शाहजहांपुर से गिरफ्तार किया गया, जब वह उत्तर प्रदेश छोड़कर भागने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार उपद्रव में भीड़ जुटाने में नदीम की बड़ी भूमिका थी। उसने लोगों को इकट्ठा करने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया और कॉल करके बुलाया। उसने 55 चुनिंदा लोगों को कॉल की और उन्होंने मिलकर करीब 1,600 लोगों की भीड़ जुटाई। नदीम का फोन भी पुलिस ने बरामद कर लिया है, जिससे जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आया है कि नदीम ने इन घटनाओं की कथित तौर पर योजना बनाई थी। उसने व्हाट्सएप के जरिए 55 चुनिंदा लोगों को कॉल किया और उन्होंने मिलकर करीब 1,600 लोगों की भीड़ जुटाई।
गिरफ्तार किए गए नदीम को तौकीर रजा का राइट हैंड बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, तौकीर रजा कभी भी नदीम की बात को नज़रअंदाज नहीं करता था। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि नदीम पिछले एक हफ्ते से हिंसा की योजना बनाने में जुटा हुआ था।